सीरीज़ के शुरुआती लेखों में हमने हैमर पढ़ा था और बताया था कि वही आकार अगर अपट्रेंड के ऊपर बने, तो उसका मतलब बदल जाता है। आज वही कैंडल – हैंगिंग मैन (Hanging Man)। नाम थोड़ा डरावना है, और संकेत भी चेतावनी वाला है: तेज़ी की रस्सी कमज़ोर पड़ रही है।
हैंगिंग मैन क्या है?
हैंगिंग मैन एक बेयरिश कैंडलस्टिक पैटर्न है जो अपट्रेंड में नज़र आता है और संभावित ट्रेंड रिवर्सल का संकेत देता है। इसकी बॉडी छोटी होती है और नीचे की तरफ़ एक लंबी विक बनती है। सीधे शब्दों में – जब हैमर जैसी कैंडल अपट्रेंड में दिखाई देती है, तो उसे हैंगिंग मैन कहा जाता है।

पहचान के नियम
- पहले अपट्रेंड हो।
- ओपन और क्लोज छोटी रेंज में हों – यानी छोटी बॉडी, जो कैंडल के ऊपरी हिस्से में हो।
- नीचली विक, बॉडी की लंबाई से कम से कम दोगुनी हो।
- ऊपरी विक बहुत छोटी या न हो।
- रंग मायने नहीं रखता – लाल या हरी, दोनों हो सकती है (लाल बॉडी थोड़ी ज़्यादा बेयरिश मानी जाती है)।
इस कैंडल की कहानी
हैंगिंग मैन कैंडल भले ही ओपन प्राइस के पास ही बंद हो जाती है, लेकिन नीचे वाली बड़ी विक बताती है कि दिन के दौरान पहले सेलर्स ने प्राइस को काफ़ी नीचे धकेला था। अपट्रेंड में ऐसा होना इस बात का संकेत है कि बेचने वाले अब सक्रिय होने लगे हैं – भले उस दिन खरीदार प्राइस को वापस ऊपर ले आए।
यह ऐसा है जैसे मज़बूत दिखने वाली दीवार में पहली दरार दिखी हो। दीवार अभी गिरी नहीं, पर सावधानी ज़रूरी है।
हैंगिंग मैन को ट्रेड कैसे करें?
- कन्फ़र्मेशन – अगली बेयरिश कैंडल का क्लोज हैंगिंग मैन के लो के नीचे हो, और वॉल्यूम बढ़ा हो। बिना पुष्टि के हैंगिंग मैन पर ट्रेड न करें – कई बार अपट्रेंड जारी रहता है।
- एंट्री – हैंगिंग मैन के लो के नीचे प्राइस ब्रेकआउट पर।
- स्टॉप-लॉस – हैंगिंग मैन के हाई के ऊपर।
- टारगेट – नज़दीकी सपोर्ट लेवल, या ट्रेलिंग स्टॉप-लॉस।
निवेशकों के लिए यह कैंडल स्टॉप-लॉस कसने या आंशिक मुनाफ़ा बुक करने का एक अच्छा संकेत है।
हैमर बनाम हैंगिंग मैन – जगह ही सब कुछ है
- हैमर – डाउनट्रेंड के नीचे बनता है → बुलिश संकेत।
- हैंगिंग मैन – अपट्रेंड के ऊपर बनता है → बेयरिश चेतावनी।
दोनों का आकार बिल्कुल एक जैसा है। यह फिर से याद दिलाता है कि कैंडलस्टिक को हमेशा संदर्भ में पढ़ें।
ट्रेडिंग नोट्स लिखिए
आप जो सही या गलत कर रहे हैं, उस पर नज़र रखें। हर ट्रेड के बाद छोटे-छोटे ट्रेडिंग नोट्स लिखिए – किस पैटर्न पर ट्रेड लिया, पुष्टि का इंतज़ार किया या नहीं, स्टॉप-लॉस का पालन हुआ या नहीं। कुछ ही हफ़्तों में आपकी अपनी गलतियों का पैटर्न साफ़ दिखने लगेगा।
मुख्य बातें (Key Takeaways)
- हैंगिंग मैन अपट्रेंड में बनने वाली बेयरिश चेतावनी कैंडल है।
- छोटी बॉडी और बॉडी से कम से कम दोगुनी लंबी नीचली विक।
- लंबी नीचली विक बताती है कि सेलर्स सक्रिय होने लगे हैं।
- पुष्टि अगली कैंडल के हैंगिंग मैन के लो के नीचे बंद होने पर।
- एंट्री लो के नीचे, स्टॉप-लॉस हाई के ऊपर।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQ)
क्या हैंगिंग मैन अकेले बेचने का सिग्नल है?
नहीं। हैंगिंग मैन सिर्फ़ चेतावनी है। अगली कैंडल की पुष्टि, रेजिस्टेंस और वॉल्यूम देखकर ही फ़ैसला लें।
हैंगिंग मैन और शूटिंग स्टार में क्या फ़र्क है?
दोनों अपट्रेंड के ऊपर बनते हैं और बेयरिश संकेत देते हैं। हैंगिंग मैन में लंबी विक नीचे होती है, जबकि शूटिंग स्टार में लंबी विक ऊपर होती है। शूटिंग स्टार को आम तौर पर ज़्यादा सीधा बेयरिश संकेत माना जाता है।
हैंगिंग मैन किस टाइमफ़्रेम पर देखें?
डेली और वीकली चार्ट पर बना हैंगिंग मैन ज़्यादा मायने रखता है। छोटे टाइमफ़्रेम पर ऐसी कैंडल्स बहुत बार बनती हैं।
इस सीरीज़ का अगला लेख: पियर्सिंग पैटर्न क्या है? (Piercing Pattern in Hindi) →
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल शैक्षिक उद्देश्य के लिए है, इसे निवेश या ट्रेडिंग की सलाह न समझें। शेयर बाज़ार में निवेश जोखिम के अधीन है। कोई भी निर्णय लेने से पहले अपनी रिसर्च करें या किसी रजिस्टर्ड सलाहकार से बात करें।



